रचना ठाकुर दंतेवाडा : राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
Ten Singh Thakur
Sat, Jan 24, 2026
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत बालिकाओं को किया गया जागरूक, मेधावी छात्राएं सम्मानित
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर, कैलाश नगर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री वरुण सिंह नागेश एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री तनूजा बेलसरिया के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) के माध्यम से बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तिलेश्वरी नागेश, साइबर सेल प्रभारी श्रीमती आशा देवांगन, सहायक प्राध्यापक श्रीमती अर्चना झा (महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय), विधिक सेवा प्राधिकरण से सुश्री स्वेता सुता एवं जिला समन्वयक सुश्री रेणुका सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं को दी। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत लैंगिक समानता, लक्ष्य निर्धारण, संतुलित आहार, आयरन युक्त भोजन, एनीमिया की रोकथाम एवं मासिक धर्म स्वच्छता विषयों पर विशेष जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त 181 सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पॉक्सो अधिनियम, साइबर क्राइम, बाल श्रम एवं कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित कानूनों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में टुमारो फाउंडेशन, करली की नन्ही बालिकाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के अंतर्गत 10वीं एवं 12वीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को चेक, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही 16 से 23 जनवरी 2026 तक जिले की विभिन्न कन्या शालाओं में आयोजित गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरी बालिकाओं तथा टुमारो फाउंडेशन, काली में निवासरत बालिकाओं को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण शाखा से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती सरिता देशमुख, कार्यालय सहायक जय कुमार जोसेफ, सखी वन स्टॉप सेंटर केंद्र प्रशासक श्रीमती संगीता देवांगन, नवा बिहान संरक्षण अधिकारी श्रीमती मनीषा ठाकुर, एकीकृत बाल विकास परियोजना बारसूर के परियोजना अधिकारी श्री नरेश भोई, युवोदय समन्वयक श्री राजेश बघेल, एलपीओ श्रीमती दिव्या भारती वर्मा, टुमारो फाउंडेशन अधीक्षक श्रीमती शशि तथा नवोदय बापी ना वाट कार्यक्रम से बापी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रचना ठाकुर
ब्यूरो चीफ दंतेवाड़ा
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन