अर्जुन देवांगन कि रिपोर्ट : बालक उमावि में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह भावनात्मक वातावरण में संपन्न
Ten Singh Thakur
Sun, Feb 8, 2026
बालक उमावि में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह भावनात्मक वातावरण में संपन्न
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर विद्यार्थियों (कक्षा 12वीं) के लिए किया गया, जो आपसी सम्मान, सहयोग एवं विद्यालयी परंपरा का सराहनीय उदाहरण है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुदीप झा, समिति सदस्य अजय प्रसाद रंघाटी, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्राचार्य महोदय के माध्यम से विद्यालय को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। साथ ही कक्षा 12वीं के समस्त छात्र-छात्राओं को विद्यालय की ओर से स्नेह स्वरूप उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष तथा समिति सदस्य द्वारा अपने उद्बोधनों में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए परिश्रम, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा विद्यालय में अर्जित ज्ञान और मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कक्षा 12वीं के छात्रों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई, वहीं कक्षा 11वीं की छात्राओं ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समां बाँध दिया। इसके अतिरिक्त कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत ने कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया, जिसे उपस्थित सभी ने भरपूर सराहा।
इस अवसर पर शाला नायक देवेन्द्र कुमार देवदास (कक्षा 12वीं, कला संकाय) ने कक्षा 6वीं से कक्षा 12वीं तक की अपनी शैक्षणिक यात्रा साझा करते हुए विद्यालय द्वारा मिले अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और मार्गदर्शन के लिए प्राचार्य महोदय एवं समस्त शिक्षकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।
वहीं शाला नायिका जाह्नवी देवांगन (कक्षा 12वीं, विज्ञान संकाय) ने बताया कि इसी वर्ष छात्राओं के लिए प्रवेश प्रारंभ होने से उन्हें इस विद्यालय में अध्ययन का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने इसके लिए प्राचार्य महोदय का विशेष रूप धन्यवाद ज्ञापित की तथा शिक्षकों के शिक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
इनके साथ ही कक्षा 12वीं के अन्य अनेक छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के मनोरंजन हेतु पेपर कप से पिरामिड निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता रही।
विद्यालय प्रशासन द्वारा कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस सुंदर, अनुशासित एवं भावनात्मक आयोजन की सराहना की गई।
बस्तर संभाग हेड
अर्जुन देवांगन
9424287527
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन