अर्जुन देवांगन क़ि रिपोर्ट : अबूझमाड़ क्षेत्र में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आईटीबीपी की विभिन्न सीओबी में योग कार्यक्रम आयोजित
Ten Singh Thakur
Sun, Jun 21, 2026
अबूझमाड़ क्षेत्र में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आईटीबीपी की विभिन्न सीओबी में योग कार्यक्रम आयोजित
नारायणपुर, 21 जून 2026/ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 41वीं वाहिनी के अंतर्गत अबूझमाड़ क्षेत्र के दूरस्थ एवं संवेदनशील इलाकों में स्थित सीओबी कस्तूरमेटा, कुतुल, बेड़माकोटी, पदमकोट एवं नेलंगुर में योग कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
सभी कार्यक्रमों का आयोजन संबंधित सीओबी कमांडरों के नेतृत्व में किया गया, जिसमें आईटीबीपी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Ageing)” रही, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।
योग सत्र के समापन उपरांत समस्त सीओबी कमांडरों ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं कल्याण का प्रभावी माध्यम बनकर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण के लिए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। अबूझमाड़ क्षेत्र के विभिन्न सीओबी में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आईटीबीपी ने योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य-सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया।
आईटीबीपी द्वारा आयोजित यह पहल बल के आदर्श वाक्य “शौर्य, दृढ़ता एवं कर्मनिष्ठा” के अनुरूप स्वस्थ, अनुशासित एवं सशक्त मानव संसाधन निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बस्तर संभाग हेड
अर्जुन देवांगन
9424287527
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन